राजगढ़ःएबीवीपी ने काॅलेज में नारेबाजी कर किया प्रदर्शन, प्राचार्य हटाने के आश्वासन पर माने छात्र
राजगढ़,13 अप्रैल(हि.स.)। शासकीय महाविद्यालय सुठालिया में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा सोमवार को उग्र आंदोलन किया, जो प्रशासन के आश्वासन पर शांत किया गया। परिषद के दबाव के चलते उच्च शिक्षा विभाग ने वर्तमान प्राचार्य को हटाने का भरोसा दिया है।
महाविद्यालय परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। विद्यार्थियों का आरोप था कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है, स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब है, शिक्षकों एवं स्टाफ की नियमित उपस्थिति नही रहती और शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभारी प्राचार्य वीएस बैस, जिन्हें दो वर्ष पूर्व व्यवस्थाएं सुधारने के उद्देश्य से यहां पदस्थ किया गया था, उनके कार्यकाल में स्थिति और बिगड़ गई है। बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिससे विद्यार्थियों में आक्रोश बढ़ता गया।
आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए भोपाल संभाग के अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा विभाग से चर्चा की गई। परिषद प्रतिनिधियों ने समस्याओं को विस्तार से रखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस पर अतिरिक्त संचालक ने वर्तमान प्राचार्य को हटाने का स्पष्ट आश्वासन दिया। इसके बाद परिषद कार्यकर्ताओं ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान नगर सहमंत्री नीरज सोंधिया, ब्यावरा नगर मंत्री राकेश सौंधिया, जीत शिवहरे, दिलवर परिहार , किशन गोस्वामी, भोला, प्रिंस, ऋषिराज, नितिन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

