राजगढ़ः कॉलेज की लाइब्रेरी में किताबों की कमी को लेकर एबीवीपी ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नगर इकाई ने शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय की लाइब्रेरी में पाठ्यक्रम के अनुसार पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्राचार्य संगीता गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
परिषद ने समस्या के निराकरण के लिए 15 दिन का समय दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन में बताया कि महाविद्यालय की लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम के अनुसार पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई करने और परीक्षाओं की तैयारी में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आवश्यक पुस्तकें समय पर नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। परिषद ने सभी विषयों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में पुस्तकें उपलब्ध कराने और उनके वितरण की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। साथ ही विद्यार्थियों को लाइब्रेरी की सुविधाओं, पुस्तकें प्राप्त करने की प्रक्रिया और नियमों की स्पष्ट जानकारी देने की बात कही।
विभाग संयोजक तुषार चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी पुस्तकें समय पर मिलना चाहिए। लाइब्रेरी में पुस्तकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी का जल्द समाधान किया जाना चाहिए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि परिषद ने महाविद्यालय प्रबंधन को समस्या के निराकरण के लिए 15 दिन का समय दिया है। निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं होने पर विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हित में आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कॉलेज मंत्री अरुण भिलाला, दुर्गेश चंद्रवंशी सहित विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

