राजगढ़ः आंगन मिलन सेवा अभियान 26 सितम्बर से, बच्चों और महिलाओं को मिलेगी पोषण-स्वास्थ्य की जानकारी
राजगढ़, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान चलाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी और सेवाएं पहुंचाना है। इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहले दिन 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र पर एकत्रित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन और ऑडियो-वीडियो प्रदर्शन किया जाएगा। बच्चों के लिए खेल, मनोरंजन और आनंदमयी गतिविधियां होंगी। फलों और मिठाई का वितरण किया जाएगा। 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों तथा किशोरी बालिकाओं को पूरक पोषण आहार दिया जाएगा। बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, वृद्धि निगरानी और पोषण संबंधी गतिविधियां भी होंगी।
दूसरे दिन गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण संवाद होगा। इसमें टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, एनीमिया, स्तनपान, शिशु देखभाल और प्रसवपूर्व व प्रसवोत्तर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। महिलाओं को पूरक पोषण आहार के साथ फल और मिठाई भी वितरित की जाएगी। तीसरे दिन ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ एवं योजना लाभार्थी संवाद आयोजित होगा। पात्र बच्चों और हितग्राहियों को पोषण किट व पैकेट दिए जाएंगे। लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे और सफल हितग्राहियों की कहानियों के माध्यम से योजनाओं के लाभ की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। विभाग ने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में जनभागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

