अनूपपुर: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत,ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-चालक को पकड़ा
अनूपपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बड़हर में शुक्रवार शाम ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में ग्राम बड़हर निवासी 21 वर्षीय टीकम सिंह की मौत हो गई। जिसे ग्रमीणों ने इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार टीकम शाम को बाइक से घर का सामान लेने दुकान जा रहा था। गांव के मोड़ पर ट्रैक्टर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। परिजन टीकम को जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया, लेकिन आधे घंटे के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों के अनुसार, टीकम को अंदरूनी गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्चुरी में रखवा दिया है। शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

