home page

अनूपपुर: सड़क पर लड़ रहे मवेशी से बाइक चवार युवक से टकराया, कंधे की हड्डी टूटी

 | 
अनूपपुर: सड़क पर लड़ रहे मवेशी से बाइक चवार युवक से टकराया, कंधे की हड्डी टूटी


अनूपपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सड़क पर लड़ रहे मवेशियों की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके कंधे की हड्डी टूट गई। घायल युवक को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल शहडोल जिले के झिरिया, थाना केशवाही निवासी 26 वर्षीय कमलेश बैगा पुत्र राजू बैगा ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात रक्षाबंधन पर बाइक से फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र के मन्टोलिया गांव स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। ससुराल से कुछ किलोमीटर पहले सड़क पर मवेशियों का झुंड लड़ रहा था। इसी दौरान दो मवेशी अचानक बाइक की तरफ कूद गए। इससे कमलेश बाइक समेत सड़क पर गिर गए। गिरने के दौरान बाइक का हैंडल कमलेश के कंधे पर जा लगा। इससे उनके कंधे में अंदरूनी चोट आई और हड्डी टूट गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे बाइक सवारों ने उन्हें सड़क से हटाया और परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर ससुराल से परिजन मौके पर पहुंचे और रात में ही कमलेश को जिला चिकित्सालय अनूपपुर लेकर गए। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में कंधे की हड्डी टूटने की पुष्टि की है। एक्स-रे के बाद चोट की गंभीरता स्पष्ट होगी। फिलहाल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना ने एक बार फिर सड़क पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण होने वाले हादसों और उनकी रोकथाम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला