home page

शहडोल: अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला, तोता का पता बताने वाले को 21 हजार का इनाम

 | 
शहडोल: अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला, तोता का पता बताने वाले को 21 हजार का इनाम


शहडोल: अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला, तोता का पता बताने वाले को 21 हजार का इनाम


शहडोल, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एक अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। सेना से सेवानिवृत्त कर्मी चंदन मिश्रा का पालतू तोता 'गोपि' अचानक लापता हो गया है।

रविवार को चंदन मिश्रा ने बताया कि वे करीब एक वर्ष पहले अनूपपुर जिले के अमरकंटक से उसे काफी छोटा होने पर लाए थे। इतने समय में तोता परिवार के सदस्यों के साथ इस कदर घुल-मिल गया कि वह केवल एक पक्षी न रहकर घर के सदस्य जैसा बन चुका था। तोता का पता बताने वाले को 21 हजार का इनाम भी रखा हैं। साथ ही सेवानिवृत्त सेनाकर्मी के परिवार ने 'गोपि' के लौटने के लिए रखा व्रत और विशेष हवन भी करेंगे।

परिवार के सदस्यों के मुताबिक शनिवार की दोपहर बच्चे घर के अंदर 'गोपि' के साथ खेल रहे थे, तभी वह अचानक उड़ गया। परिजनों को लगा कि वह कुछ देर में वापस आ जाएगा, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो चिंता बढ़ गई। इसके बाद आसपास के इलाकों, छतों, वृक्षों और पड़ोस के घरों में उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन तोते का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।

सोशल मीडिया पर साझा किए पहचान

तोते की तलाश के लिए परिजनों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है और पहचान संबंधी पोस्टर जारी किए हैं। 'गोपि' हरे रंग का है और उसकी गर्दन पर एक स्पष्ट काली रिंग बनी हुई है। इसके अलावा उसकी पीठ के पंखों की विशेष बनावट है। वह परिवार के लोगों की आवाज पहचानता है और कुछ शब्द भी बोल लेता है। चंदन मिश्रा ने अपील की है कि जिस किसी को भी यह तोता मिले, वह उसे सुरक्षित रखे और जानकारी दे; सही पता बताने वाले को 21,000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

तोते के अचानक चले जाने से पूरा परिवार बेहद दुखी है। परिजनों ने 'गोपि' की सकुशल वापसी तक अन्न-जल त्यागकर व्रत रखने का संकल्प लिया है। इतना ही नहीं, परिवार ने एक पंडित जी से संपर्क किया है और निर्णय लिया है कि यदि सोमवार तक तोता घर लौटकर नहीं आता है, तो उसकी सुरक्षित वापसी की मनोकामना पूरी करने के लिए घर में विशेष हवन-पूजन आयोजित कराया जाएगा।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला