सीधी में मूसलाधार बारिश के बीच पहाड़ का हिस्सा धंसा, सड़क पर गिरा मलबा, सीधी-यूपी मार्ग बंद
सीधी, 3 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में इस समय मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। सीधी जिले में गुरुवार दोपहर तेज बारिश के बीच कैमूर पहाड़ की मूड़ा घाटी में अचानक भूस्खलन हो गया। दोपहर करीब 12 बजे पहाड़ से मिट्टी, बड़े पत्थर और पेड़ टूटकर सड़क पर आ गिरे। मलबा सड़क पर जमा होने से सीधी को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। घटना के दौरान सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि भूस्खलन वाले स्थान के ठीक नीचे 100 फीट से अधिक गहरी खाई है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से और मलबा खिसकने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगाकर सड़क को दोनों ओर से बंद कर दिया। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बेस ने बताया कि खतरे को देखते हुए मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है और पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं। लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित प्रशासनिक अमले की सहायता से सड़क पर जमा मलबा हटाने की तैयारी की जा रही है।
यह सड़क सीधी से उत्तर प्रदेश के हनुमना, मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। मार्ग बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वैकल्पिक रास्ते से जाने पर करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। इससे लोगों को अतिरिक्त समय और ईंधन खर्च करना पड़ेगा।
इस पूरी घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी के ढलान की सुरक्षा का परीक्षण कराने, मलबा जल्द हटाने और मार्ग को शीघ्र यातायात के लिए बहाल करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

