home page

एसपी कार्यालय परिसर में रखी जब्त वाहनों में लगी भीषण आग

 | 
एसपी कार्यालय परिसर में रखी जब्त वाहनों में लगी भीषण आग


आगरमालवा, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय परिसर में खड़े जब्त वाहनों में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में कई वाहन जलकर खाक हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिसर में खड़े वाहनों से अचानक धुआं उठने लगा, जो देखते ही देखते तेज लपटों में बदल गया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और लोगों ने कोतवाली थाना पुलिस को जानकारी दी। डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को भी तत्काल बुलाया गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि, तब तक कई जब्त वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि पूरे परिसर में धुएं का गुबार छा गया था। आग लगने के कारण अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा