home page

अनूपपुर: बेटे भाग्य से और बेटियां परम सौभाग्य से लेती है जन्म, कन्यादान सबसे बड़ा संस्कार - सांसद हिमाद्री सिंह

 | 
अनूपपुर: बेटे भाग्य से और बेटियां परम सौभाग्य से लेती है जन्म, कन्यादान सबसे बड़ा संस्कार - सांसद हिमाद्री सिंह


अनूपपुर: बेटे भाग्य से और बेटियां परम सौभाग्य से लेती है जन्म, कन्यादान सबसे बड़ा संस्कार - सांसद हिमाद्री सिंह


जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में आयोजित हुआ भव्य मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह

अनूपपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। बेटियां ईश्वर की अनमोल रत्न होती हैं। बेटे भाग्य से और बेटियां परम सौभाग्य से जन्म लेती हैं। उनका सौभाग्य है कि आज वह पुष्पराजगढ़ की पवित्र भूमि पर 188 नवदंपतियों के विवाह समारोह में सम्मिलित हो सकीं। हिंदू रीति-रिवाजों में अनेक दानों का उल्लेख है, परंतु उनमें कन्यादान को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है।

यह बात गुरूवार को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ स्थित खेल मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह को संबोधित करते हुए सांसद हिमाद्री सिंह ने कहीं। उन्होंने बेटियों के माता-पिता को शुभकामनाएं देते हुए इस पुण्य कार्य हेतु बधाई दी।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जन्म से लेकर मृत्यु तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार अत्यंत संवेदनशील है और समाज के हर वर्ग तथा प्रत्येक व्यक्ति के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना संचालित की जा रही है, ताकि बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक हो सके और वह सुखमय जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा जिले के जनप्रतिनिधि जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

दो परिवारों को बांधने का कार्य करती है बेटियां- विधायक फुंदेलाल सिंह

विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत परिणय सूत्र में बंधने वाले जोड़े समाज में पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां दो परिवारों को स्नेह और संस्कार के सूत्र में जोड़ने का कार्य करती हैं। प्रत्येक माता-पिता की इच्छा होती है कि उनकी पुत्री का विवाह आनंद, उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हो, और मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह इसी भाव का सजीव उदाहरण है। उन्होंने नवविवाहित वर-वधुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने जीवन में नीति, धर्म और कर्तव्य का पालन करते हुए परस्पर समझ, सहयोग और सम्मान के साथ जीवनयापन करें। आज का दिन नए संकल्प का दिन है। मां नर्मदा को साक्षी मानकर अपने वैवाहिक जीवन की मंगलमय शुरुआत करें तथा अपने बच्चों को उत्तम शिक्षा प्रदान करें और परिवार के बड़ों का सम्मान करें। विधायक ने कहा कि शासन का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे प्रत्येक व्यक्ति तक जनहितकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, और इसके लिए वे सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय बहुल क्षेत्र पुष्पराजगढ़ में ऐसे भव्य आयोजनों का संपन्न होना क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह सामाजिक समरसता का अनूठा संगम- जिला पंचायत अध्यक्ष

अध्यक्ष जिला पंचायत प्रीति रमेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह सामाजिक समरसता का अनूठा संगम है। इस आयोजन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग एक सूत्र में बंधते हैं और पारस्परिक सहयोग एवं सौहार्द की भावना को बल मिलता है। आज जो जोड़े परिणय सूत्र में बंध रहे हैं, वे जीवन पर्यंत एक-दूसरे का सम्मान करें, प्रत्येक सुख-दुख में साथ निभाएं तथा आपसी सामंजस्य और विश्वास के साथ जीवन की हर चुनौती का सामना करें। वैवाहिक जीवन परस्पर समझ, त्याग और सहयोग पर आधारित होता है, जिसे सुदृढ़ बनाए रखना दोनों की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शासन की यह जनहितकारी एवं महत्वाकांक्षी योजना सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर नागरिक अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकते हैं।

कार्यक्रम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पराजगढ़ मिथिलेश सिंह, पूर्व विधायक सुदामा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित कर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं प्रदान कीं।

सांसद एवं विधायक ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

इसके पूर्व सांसद हिमाद्री सिंह एवं विधायक फुंदेलाल मार्को सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

पारंपरिक तरीके से निकली भव्य बारात, जनप्रतिनिधि बने बाराती

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आनंद, उत्साह और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ भव्य बारात निकाली गई। आयोजन स्थल पर उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच जनप्रतिनिधि और अधिकारी बाराती बनकर शामिल हुए। सांसद हिमाद्री सिंह तथा विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को ने बारात में सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से समारोह में गरिमा और उत्साह का संचार हुआ।

188 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह के अंतर्गत आज कुल 188 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ परिणय सूत्र में बंधे। धार्मिक रीति-रिवाजों और पारंपरिक विधि-विधान के बीच संपन्न हुए इस सामूहिक विवाह समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राही सीमा देवी, माधुरी सिंह, हंसवती, रेनू देवी तथा माया बनावल को प्रतीक स्वरूप 49 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला