home page

उज्जैन में 19 मार्च को शिप्रा तट पर होगा भव्य समारोह, सतरंगी होगी रात

 | 
उज्जैन में 19 मार्च को शिप्रा तट पर होगा भव्य समारोह, सतरंगी होगी रात


उज्जैन, 15 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हिंदू नववर्ष की संध्या पर शिप्रा तट पर रंगारंग कार्यक्रम होगा। मां शिप्रा की लहरों पर नदी तट के दोनों ओर की गई आकर्षक विद्युत सज्जा की परछाईयां इठलाएंगी वहीं हजारों लोगों की उपस्थिति में देश के पहले राज्य के रूप में मध्यप्रदेश शासन द्वारा दिए जानेवाले सम्मान की साक्षी बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि 19 मार्च को शाम 7 बजे आयोजित कार्यक्रम सृष्टि आरंभ दिवस-उज्जयिनी गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सम्राट व्रिमादित्य अलंकरण भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें अंतरराष्ट्रीय सम्मान एक करोड़ एक लाख रुपये का, राष्ट्रीय सम्मान इक्कीस लाख रुपये तथा तीन राज्य स्तरीय सम्मान पांच-पांच लाख रुपये के शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रकाशन लोकार्पण भी होगा, जिसमें कालगणना केंद्रित विक्रम पंचांग-2083, भारत निधि -मोनोग्राफ, आर्य भारत, 84 महादेव तथा विक्रमांक पत्रिका का विमोचन किया जाएगा।

शिप्रा तट पर हुआ पूजन

श्री तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम के निर्विघ्न आयोजन की कामना को लेकर रविवार सुबह शिप्रा तट पर मां शिप्रा और भूमि माता का पूजन किया गया। पूजन शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी एवं समाजसेवी नरेश शर्मा ने किया। पूजन पं. गौरव उपाध्याय ने करवाया। पूजन के दौरान शोध पीठ के रितेश वर्मा एवं शुभम अहिरवार उपस्थित रहे। इसी के साथ मुख्य आयोजन के लिए शिप्रा तट पर वृहद मंच का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है।

कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने विक्रमोत्सव अंतर्गत 19 मार्च को रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विक्रमोत्सव अंतर्गत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होना प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने घाट स्थित मंदिरों की रंगाई पुताई, घाटों पर साफ सफाई, अतिथियों के लिए ग्रीन रूम, बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था, साउंड और पर्याप्त प्रकाश, ट्रैफिक व्यवस्था और संकेतक लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। एसपी ने घाट पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस और होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सम्राट विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, राजेशसिंह कुशवाह, नरेश शर्मा उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल