अनूपपुर: कहीं धूप तो कहीं छाव के बीच रिमझिम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
अनूपपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्याेलय में बुधवार को मौसम ने करवट ली और अचानक आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद रिमझिम बारिश से पूरा जिला भीग गया। जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित फुनगा, राजेंद्रग्राम, अमरकंटक और जैतहरी के इस बदलाव से जहां शहरी लोगों को हल्की ठंडक महसूस हुई, वहीं किसानों में फसलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी
सुबह हल्की हवाओं के साथ कुछ मिनटों तक बूंदाबांदी हुई। यह सिलसिला 5 से 7 मिनट तक चला, जिसके बाद अचानक धूप खिल गई और वातावरण सुहावना हो गया। हालांकि, मौसम ने फिर करवट ली और दोपहर 5 मिनट तक रिमझिम बारिश हुई। इसके बाद से सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है।
किसानों को नुकसान की आशंका
मौसम के इस बदलाव से किसानों को नुकसान की आशंका है। जिले में गेहूं की कटाई और तैयारी अन्य जिलों की तुलना में देर से होती है, और वर्तमान में यह प्रक्रिया जारी है। ऐसे में बारिश से गेहूं की फसल को क्षति पहुंचने का डर है।
शाम को भी बारिश होने की संभावना
कृषि उपसंचालक अनूपपुर कैलाश मगर ने बताया कि मौसम में बदलाव हुआ है और हल्की हवाएं चल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होती है, तो आम, महुआ और टमाटर जैसी सब्जियों की फसल को नुकसान हो सकता है। आम में फल लग चुके हैं, जिनके झड़ने की संभावना अधिक होगी। फिलहाल, मौसम में आए इस बदलाव से शहरी क्षेत्रों में लोगों को ठंडक और सुहावना मौसम मिला है, लेकिन किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं। शाम को भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

