home page

उज्जैन: तेज रफ्तार डंपर ने तीन मजदूरों को कुचला, दो की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

 | 
उज्जैन: तेज रफ्तार डंपर ने तीन मजदूरों को कुचला, दो की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


उज्जैन, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने देवास रोड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, नरवर थाना क्षेत्र के देवास रोड स्थित सेमलिया फंटे के पास यह हादसा हुआ। धर्मेंद्र पिता शंकरलाल शेरवाल (39), कालू नागवंशी (35) और रोशन पिता देवीलाल (36) निर्माणाधीन मकानों में छत की सेंटिंग लगाने का काम करते थे। सोमवार सुबह तीनों रोज की तरह बाइक से मजदूरी के लिए निकले थे।

बताया गया कि फोरलेन के कट से सड़क पार करते समय देवास की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर क्रमांक एमपी-04 जेडके-3751 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कालू नागवंशी और रोशन को घायल हालत में चरक अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान कालू नागवंशी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं रोशन का इलाज जारी है।

घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने देवास रोड पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

सूचना मिलने पर नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल