आगरमालवाः कलेक्टर ने की शासन संधारित देवस्थानों की विस्तृत समीक्षा
आगरमालवा, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने मंगलवार को शासन द्वारा संधारित सभी शासकीय देवस्थानों की जमीनों एवं अचल संपत्तियों की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने इस संपत्तियों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले के प्रसिद्ध, प्राचीन व ऐतिहासिक शिवालय बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर एवं जिले के नलखेडा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ माँ बगलामुखी देवी मंदिर की जमीनों का सीमांकन करवाकर वायर फेंसिंग का कार्य करवाया जाए तथा देवस्थान प्रबंधन समिति के आय-व्यय के लेखा-जोखा का ऑडिट करवाएं।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 738 शासन संधारित देवस्थान हैं। वही जिले में कुल 546 पुजारी नियुक्त हैं। देवस्थानों की जमीनें खसरे में कलेक्टर प्रबंधक के नाम से दर्ज हैं। कलेक्टर ने सभी शासन संधारित देव स्थानों का डाटा अपडेट करने तथा देव स्थानों की मूल्यवान वस्तुओं को कोषालय में जमा करवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि बाबा बैजनाथ मंदिर प्रबंधन समिति की तीन धर्मशालाएं, तीन दुकानें और 41 हेक्टेयर जमीन है। मंदिर समिति के खाते में कुल 1.70 करोड़ रुपये की राशि जमा है। मंदिर समिति द्वारा 13 कर्मचारी नियुक्त हैं। सावन माह में दो गार्ड व दो अतिरिक्त कर्मचारी तैनात हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि नलखेड़ा मंदिर प्रबंधन समिति 18 सुरक्षा गार्ड और नियुक्त करें, मंदिर समिति अपने बैरिकेड्स बनवाएं तथा लोक निर्माण विभाग के बैरिकेड्स वापस करें। कलेक्टर ने जिला स्तरीय देवस्थान समिति की बैठक भी अगले माह आयोजित करने के निर्देश देवस्थान प्रभारी को दिए हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

