home page

शहडोल: एक क्लिक पर खुलेगी शहडोल की पूरी तस्वीर, सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थी बना रहे डिजिटल पहचान

 | 
शहडोल: एक क्लिक पर खुलेगी शहडोल की पूरी तस्वीर, सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थी बना रहे डिजिटल पहचान


- कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने विद्यालय पहुंचकर किया बच्चों का उत्साहवर्धन

शहडोल, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के छतवई ग्राम की सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थी अपनी कल्पनाओं को तकनीक का रूप दे रहे हैं। कोई संकेतवाणी तैयार कर रहा है, तो कोई ग्रामीण बाजार की डिजिटल तस्वीर बना रहा है। विद्यार्थियों ने विद्यालय की वेबसाइट तैयार करने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के रोचक गेम भी विकसित किए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और प्रोग्रामिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन बच्चों की प्रतिभा अब नए आयाम गढ़ रही है।

अब तक कंप्यूटर पर केवल पढ़ाई और सामान्य गतिविधियां करने वाला था सांदीपनि विद्यालय छतवई में जनजातीय वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित एआई लर्निंग कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है। भारत सरकार के नीति आयोग से प्राप्त पुरस्कार राशि के माध्यम से सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति के प्रयासों से इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल तकनीक का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि स्वयं तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए सक्षम बनाना है।

विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रोग्रामिंग प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने भी प्रदर्शित किए जा चुके हैं। शहडोल जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय के बच्चों की इन गतिविधियों को देखा और उनकी तकनीकी प्रतिभा में रुचि दिखाई थी। इससे विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है।

गुरुवार को कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं सीईओ जिला पंचायत ने सांदीपनि विद्यालय छतवई पहुंचकर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए जा रहे प्रोग्रामिंग प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बच्चों से संवाद कर उनके बनाए कार्यक्रमों की कार्यप्रणाली समझी और उन्हें आगे भी नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्रोजेक्ट तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा कार्यक्रम विकसित किया जाए, जिसके माध्यम से शहडोल जिले की संपूर्ण जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो सके। इसमें जिले के अधोसंरचना विकास, नागरिक सेवाओं, शासन की योजनाओं, कृषि, खनिज, उद्योग, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, पर्यटन और जनजातीय संस्कृति से जुड़ी जानकारियों को शामिल किया जाए। इससे जिले की विशेषताओं, विकास गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं को एक ही डिजिटल मंच पर देखा और समझा जा सकेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को दो लोगों द्वारा एक साथ खेले जा सकने वाले गेम विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया, ताकि बच्चे प्रोग्रामिंग के माध्यम से मनोरंजक और उपयोगी डिजिटल गतिविधियां तैयार करने का अनुभव प्राप्त कर सकें।

विद्यालय में संचालित यह पहल बच्चों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खास बात यह है कि जनजातीय अंचल के विद्यार्थी अब एआई और प्रोग्रामिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को सीखकर अपनी रचनात्मकता को नए अवसरों में बदल रहे हैं। उनके द्वारा तैयार किए जा रहे प्रोजेक्ट यह बता रहे हैं कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के बच्चे भी तकनीक के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा तथा सांदीपनि विद्यालय छतवई की प्राचार्य अर्चना खरे उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला