महाकाल मंदिर में भस्म आरती अनुमति के नाम पर वसूली का मामला, शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज
उज्जैन, 05 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती की अनुमति दिलाने के नाम पर श्रद्धालुओं से अतिरिक्त राशि वसूलने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद महाकाल थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे भस्म आरती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नीलकंठ द्वार और अन्य प्रवेश मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं की अनुमति पत्रों की जांच की गई तथा उनसे व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया।
निरीक्षण के दौरान गेट क्रमांक-1 से प्रवेश कर रहे कुछ श्रद्धालुओं ने शिकायत की कि भस्म आरती में शामिल होने की अनुमति दिलाने के नाम पर उनसे निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत अतिरिक्त राशि ली गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार उनसे प्रति व्यक्ति 2500 रुपये लेकर अनुमति उपलब्ध कराई गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोपहर में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अनुमति प्रक्रिया में कथित रूप से कौन लोग शामिल थे और श्रद्धालुओं से राशि किस माध्यम से वसूली गई।
निरीक्षण के दौरान मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। साथ ही भस्म आरती में प्रवेश के लिए नीलकंठ द्वार को एकमात्र प्रवेश द्वार के रूप में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भस्म आरती की अनुमति केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें और किसी भी प्रकार के बिचौलियों या अनधिकृत व्यक्तियों के झांसे में न आएं। यदि कोई अतिरिक्त राशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल मंदिर प्रशासन या पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

