मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की साजिश सफल नहीं होगी, जनता देगी मुंहतोड़ जवाब : गोविंद सिंह राजपूत
भोपाल, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा है कि यह विपक्ष की एक सुनियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री की स्वच्छ और जनविश्वसनीय छवि को धूमिल करना तथा प्रदेश की विकास यात्रा को बाधित करना है।
खाद्य मंत्री राजपूत ने रविवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए न तो कोई सकारात्मक एजेंडा है और न ही विकास का कोई विजन। यही कारण है कि वह लगातार झूठे आरोपों, भ्रम फैलाने और दुष्प्रचार की राजनीति का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सार्वजनिक जीवन में सदैव पारदर्शिता, ईमानदारी और संवैधानिक मूल्यों का पालन किया है। उनके द्वारा निर्वाचन के समय प्रस्तुत शपथपत्र में घोषित संपत्तियों के संबंध में आज तक किसी भी सक्षम संस्था द्वारा कोई अनियमितता या अनैतिक वृद्धि का तथ्य सामने नहीं आया है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि कांग्रेस बिना किसी तथ्य और प्रमाण के केवल राजनीतिक लाभ प्राप्त करने की मंशा से निराधार आरोप लगाती रहती है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाने के लिए ठोस प्रमाण आवश्यक होते हैं, लेकिन कांग्रेस केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने और जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठ का सहारा ले रही है। प्रदेश की जागरूक जनता अब इस तरह की नकारात्मक राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है और ऐसे प्रयासों को पूरी तरह खारिज कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में अधोसंरचना विकास, निवेश, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जनता का विश्वास सरकार के प्रति लगातार मजबूत हुआ है। यही विश्वास कांग्रेस को असहज कर रहा है, जिसके कारण वह बेबुनियाद आरोपों की राजनीति कर रही है।
मप्र की जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता के साथ
खाद्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का यह राजनीतिक षड्यंत्र किसी भी परिस्थिति में सफल नहीं होगा। मध्य प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासी सत्य और विकास के पक्ष में अपना समर्थन बनाए रखेंगे तथा झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति को करारा जवाब देंगे। मंत्री राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ जनता के विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की राजनीति में विश्वास करती है, जबकि कांग्रेस लगातार भ्रम, आरोप और अविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की इस राजनीति को पूरी तरह पहचान चुकी है और आने वाले समय में भी ऐसे सभी षड्यंत्रों को लोकतांत्रिक तरीके से विफल करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

