home page

उज्जैन में पेप्सिको के फ्लेवर कंसनट्रेट निर्माण संयंत्र का मुख्यमंत्री ने वर्चुअली लोकार्पण, 800 लोगों को मिलेगा रोजगार

 | 
उज्जैन में पेप्सिको के फ्लेवर कंसनट्रेट निर्माण संयंत्र का मुख्यमंत्री ने वर्चुअली लोकार्पण, 800 लोगों को मिलेगा रोजगार


उज्जैन, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मंगलवार को वीसी के माध्यम से उज्जैन में विक्रम उद्योगपुरी के ग्राम नरवर स्थित 1266 करोड़ रूपये लागत से निर्मित पेप्सिको फ्लेवर कंसनट्रेट निर्माण संयंत्र का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होने कहा कि आज का दिन मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उज्जैन पहले धार्मिक नगरी के रूप में विश्व प्रसिद्ध था, अब औद्योगिक विस्तार की नई इबारत लिख रहा है।

डॉ.यादव ने पेप्सिको इंडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड की इस अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई का शुभारंभ होने पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारीयों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी । उन्होंने कहा कि भारत में इस विशिष्ट और उच्च तकनिकी फ्लेवर कंसनट्रेट निर्माण के केवल 2 संयंत्र है । जिनमें से 1 आज से उज्जैन में क्रियाशील हो रहा है । विक्रम उद्योगपुरी में 22 एकड़ क्षेत्र में 1226 करोड़ रु. के निवेश से इस संयंत्र की स्थापना की गई है। पूरी तरह ऑटोमेशन पर आधारित इस संयंत्र से 800 युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है। पेप्सिको द्वारा उज्जैन को चुनना यह प्रमाणित करता है की हमारी नीतियां अंतराष्ट्रीय स्तर की है । यह नया संयंत्र भारत में कंपनी की विनिर्माण क्षमता को और मजबुत करेगा।

कार्यक्रम में सांसद बालयोगी उमेश नाथ महाराज, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन,निगम सभापती कलावती यादव,संजय अग्रवाल,प्रबंध निर्देशक एमपीआईडीसी चंद्रमौली शुक्ला, एमपीआईडीसी उज्जैन के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौर उपस्थित थे ।

कार्यक्रम में पेप्सिको इंडिया और साउथ एशिया के सीईओ जागृत कोटेचा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह अत्यंत हर्ष का क्षण है की हमारी कंपनी को यहां प्रदेश शासन के सहयोग से संयंत्र स्थापित करने का अवसर मिला। शासन के प्रति हम हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते है। सांसद उमेंश नाथ महाराज ने कहा की उज्जैनवासीयों के लिए आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है । अतिथि स्वागत पेप्सिको कंपनी के हरदीप भाटिया और राजेश राठौर ने किया। कंपनी के सीईओ इंटरनेशनल बेवरेजेस यूजीन विलेमसेन, जनरल मैनेजर एवं सीनियर वाईस प्रेसिडेंट इवान नॉर्टन उपस्थित थे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल