home page

70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित

 | 
70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित


खेलों में आगे बढ़ने के लिए अपार संभावनाएं, खिलाड़ी पूरे समर्पण से करें प्रयास – कलेक्टर कन्याल

गुना, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत शुक्रवार को 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ी पूरी लगन और समर्पण के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करें।

अच्छी व्यवस्थाओं से खिलाड़ियों का खेल पर रहता है फोकस

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने प्रतियोगिता के आयोजन एवं व्यवस्थाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान शहडोल के कोच के.के. श्रीवास्तव ने अपने अनुभव साझा करते हुए जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के आगमन, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान व्यवस्थाएं अच्छी रहीं। उपस्थित खिलाड़ियों ने भी तालियां बजाकर इस बात का समर्थन किया।

कलेक्टर कन्याल ने कहा कि जब खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थाएं अच्छी होती हैं, तो वे अपने खेल पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए अभ्यास, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं।

पैरालंपिक में भी भारतीय खिलाड़ी जीत रहे पदक

कलेक्टर कन्याल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। भारतीय खिलाड़ी पैरालंपिक खेलों में भी भाग लेकर पदक जीत रहे हैं। यह दर्शाता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि गुना आने के दौरान उन्हें टेकरी सरकार के दर्शन करने और कूनो में कैंप करने का अवसर भी मिला। इस प्रकार खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ-साथ विभिन्न स्थानों को जानने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान करती हैं।

परिवार का सहयोग बढ़ाता है खिलाड़ियों का मनोबल

कलेक्टर कन्याल ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के परिवारों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर सुखद अनुभव हुआ कि प्रतियोगिता में एक बालिका अपनी मां और दादी के साथ आई है। खेलों के प्रति लगाव के साथ परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। जब परिवार बच्चों की रुचि को समझते हुए उनका साथ देता है, तो इससे उनका आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है।

समापन समारोह में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की सहभागिता रही।

गुना में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में प्रथम स्थान ग्वालियर संभाग,द्वितीय स्थान उज्जैन संभाग और तृतीय स्थान भोपाल संभाग ने प्राप्त किया वहीं बालिका वर्ग में प्रथम स्थान इंदौर संभाग,द्वितीय स्थान भोपाल संभाग और तृतीय स्थान ग्वालियर संभाग में प्राप्त किया ।

बास्केटबॉल वैल्युएबल खिलाड़ी बालिका वर्ग में शहडोल संभाग की आराध्या द्विवेदी, बेस्ट वैल्युएबल खिलाड़ी बालक में ग्वालियर संभाग के अनिल, बेस्ट स्कोर बालक में भोपाल संभाग के अमन प्रताप, बेस्ट स्कोर बालिका में इंदौर संभाग की अयाती ने अपने नाम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर