उज्जैन के पंचक्रोशी यात्रा मार्ग पर लगेंगे 50 हजार ऊंचे पौधे ,12 उपवन भी बनेंगे
उज्जैन, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ पूर्व पंचक्रोशी यात्रा मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर में बदला जाएगा। इस 118 किमी लम्बे मार्ग पर 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे जिनकी ऊंचाई 10 से 12 फीट होगी। मार्ग के बीच 12 उपवन बनाए जाएंगे। इसी के लिए पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
यह जानकारी शुक्रवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने दी। उन्होने बताया कि पंचक्रोशी मार्ग से सटे गांवों में शांति वन विकसित कर पौधारोपण कार्य सतत जारी है। यह अभियान विभिन्न विभागीय मदों के साथ जनभागीदारी से संचालित हो रहा हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए अस्बेस्टस ट्री गार्ड लगाए जा रहे हैं। इन ट्री गार्ड पर भगवान महाकाल मंदिर एवं पंचक्रोशी मार्ग से जुड़े आकर्षक चित्रों की चित्रकारी की जा रही है, जिससे पौधों की सुरक्षा के साथ धार्मिक आभा बढ़े।
उन्होने बताया कि पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों, समितियों एवं गांव के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा निभाई जा रही है। पंचक्रोशी मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि सिंहस्थ-2028 के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित और सुखद यात्रा हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

