मंदसौरः जनकल्याण शिविरों में अब तक 3841 आवेदन प्राप्त, 3582 का हुआ मौके पर ही निराकरण
मंदसौर, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में केन्द्र एवं प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 जून से 18 जून 2026 तक आयोजित जनकल्याण शिविरों में रविवार तक कुल 3841 हितग्राहियों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 3582 पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं तथा शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। जिले के सभी विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर तीन दिवसीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जनपद पंचायत मंदसौर में 15 से 17 जून, मल्हारगढ़ में 16 से 18 जून, सीतामऊ में 12 से 14 जून, गरोठ में 12 से 14 जून तथा भानपुरा में 15 से 17 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार नगरीय निकायों में नगर पालिका मंदसौर में 15 से 18 जून तथा नगर परिषद नगरी, नारायणगढ़, सीतामऊ, सुवासरा एवं शामगढ़ में 12 से 16 जून तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नगर परिषद मल्हारगढ़, पिपलिया मंडी, गरोठ, भानपुरा एवं भैंसोदा में 15 से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित होंगे।
शिविरों में मिल रही हैं अनेक योजनाओं एवं सेवाओं की सुविधाएं - जनकल्याण शिविरों में चालू खसरा-खतौनी एवं नक्शों की प्रतिलिपियां, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, निर्माण श्रमिक पंजीयन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना, मछुआ क्रेडिट कार्ड योजना सहित अनेक जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा, सीमांकन प्रकरणों का निराकरण, नवीन नल कनेक्शन हेतु मांग-पत्र, भवन निर्माण अनुज्ञा, नामांकन एवं माइग्रेशन प्रमाण पत्र, प्रोविजनल उपाधि, डुप्लीकेट अंकसूची, नि:शुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

