home page

आगरमालवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गेहूं की फसल के बीच उगाई जा रही गांजा फसल का भंडाफोड़

 | 
आगरमालवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गेहूं की फसल के बीच उगाई जा रही गांजा फसल का भंडाफोड़


आगरमालवा, 28 फ़रवरी (हि.स.)।अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही आगरमालवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के नलखेड़ा थाना क्षेत्र में गेहूं की फसल की आड़ में उगाई जा रही गांजा फसल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 227 हरे गांजा पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 10.846 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिशनलखेड़ा पुलिस के अनुसार 27 फरवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पचलाना निवासी पुरालाल भिलाला और उसका पुत्र लखन भिलाला, लसुलड़िया गोपाल स्थित शासकीय भूमि पर गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से गांजा उगा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान पुरालाल पिता शंकरलाल भिलाला (60 वर्ष) एवं लखन पिता पुरालाल भिलाला (33 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पचलाना, थाना नलखेड़ा, जिला आगरमालवा के रूप में हुई।

227 गांजा पौधे बरामदखेत की तलाशी के दौरान गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से लगाए गए गांजा के 227 छोटे-बड़े हरे पौधे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल वजन 10.846 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नलखेड़ा में अपराध क्रमांक 73/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा