शहडोल: संभाग स्तरीय युवा उत्सव में 200 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा, लोकनृत्य और लोकगीत में शहडोल ने मारी बाजी
शहडोल, 27 नवंबर (हि.स.)। युवाओं की कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग शहडोल द्वारा जनपद पंचायत सोहागपुर के सभागार में शुक्रवार को संभाग स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन संभाग के चार जिलों शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और डिंडोरी के लगभग 200 युवा कलाकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विधाओं में हुई प्रतियोगिताओं में कलाकारों ने अपनी कला और हुनर से दर्शकों का मन मोह लिया।
युवा उत्सव में नुक्कड़ नाटक, सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य, कविता लेखन और चित्रकला सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं के समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कविता लेखन और चित्रकला में शहडोल के कलाकार रहे आगे
प्रतियोगिताओं के परिणामों में कविता लेखन विधा में शहडोल की कविता पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डिंडोरी के कार्तिक कुमार द्वितीय तथा उमरिया की माही वर्मन तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में शहडोल के नकुल भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उमरिया की कु. खुशबू कुशवाहा द्वितीय तथा उमरिया की ही कु. पुष्पांजलि प्रजापति तृतीय स्थान पर रहीं।
लोकनृत्य और सामूहिक लोकगीत में शहडोल की टीम प्रथम
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अनूपपुर ने द्वितीय और डिंडोरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में शहडोल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर संभाग में अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डिंडोरी की टीम द्वितीय तथा अनूपपुर की टीम तृतीय स्थान पर रही। वहीं सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में भी शहडोल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
राज्य स्तरीय युवा उत्सव में संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता
प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले युवा कलाकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शहडोल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। संभाग स्तरीय युवा उत्सव के माध्यम से युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और अपनी कला को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर मिला। आयोजन ने युवाओं में कला एवं संस्कृति के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

