अनूपपुर: तय समय बाद भी अधूरा 13.91 करोड़ की बायपास सड़क, दिसंबर 2025 तक पूरा होना था
अनूपपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में यातायात का दबाव कम करने और जैतहरी पावर प्लांट जाने वाले भारी वाहनों को शहर से बाहर रखने के लिए के उद्देश्य से 13 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से 8.20 किमी लंबी बायपास सड़क निर्माण तय समय बीतने के बाद भी अधूरी है। अब तक करीब 4 किमी सड़क बनी है। कई जगह ढलाई का काम बाकी है। इससे अनूपपुर-जैतहरी-वेंकटनगर मार्ग के दर्जनों गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जोड़ने की योजना है।
लोक निर्माण विभाग, अनूपपुर के अनुसार, 13 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से बन रही सड़क कास कार्य 20 जनवरी 2024 को शुरू हुआ था और इसे 19 सितंबर 2025 तक पूरा करना था। भूमि अधिग्रहण के विवाद के बाद दिसंबर 2025 तक काम पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। निर्माण का ठेका रीवा की मेसर्स केशव प्रसाद पटेल को दिया गया है। तय समय बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। तत्कालीन कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कई बार समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।
यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पसला से जिला मुख्यालय के ग्राम बर्री तक बनाई जा रही है। बर्री के पास रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाईओवर ब्रिज बनना है। इसकी जिम्मेदारी पुल विकास निगम को दी गई है, लेकिन ब्रिज का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है। सड़क की ढलाई भी कई जगह अधूरा है।
जिले के विकास के लिए यह बाईपास सड़क प्रमुख परियोजना मानी गई है। वहीं बाईपास सड़क के निर्माण में ठेकेदार के द्वारा की जा रही लगातार लेट लतीफी से कार्य की प्रगति काफी धीमी है, जिसपर विभाग ठेकेदार को लगातार काम पूरा करने के लिए मोहलत दे रहा है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इसे पूरा करने में विभाग को अभी 6 माह का और समय लगेगा।
मजदूरों के आने पर काम होगा चालू
विभाग के कार्यपालन यंत्री प्रभात कुमार लोरिया ने रविवार को बताया कि ठेकेदार द्वारा बारिश के दौरान काम बंद किया गया था, जिसे अभी चालू नहीं किया गया है। एक दो दिनों में मजदूरों के आने के बाद ठेकेदार द्वारा काम चालू करने की बात कही गई है। कोशिश है कि जनवरी तक ही इसे पूरा करा दिया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

