सतना: नहर में नहाने गया 12वीं का छात्र डूबा, एक घंटे बाद मिला शव
सतना, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर 12वीं कक्षा के छात्र की नहर में डूबने से मौत हो गई। यह घटना सोनौरा स्थित नगर वन के पीछे की है, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।
परिजनों के अनुसार, 18 वर्षीय अनंत सिंह अपने छोटे भाई और एक दोस्त के साथ दोपहर करीब 3:15 बजे नहर में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया, जिससे साथ मौजूद बच्चे घबरा गए।
अनंत के छोटे भाई ने हिम्मत जुटाकर तुरंत घर पहुंचकर मां को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। करीब एक दर्जन युवकों ने बिना समय गंवाए रस्सी की मदद से नहर में तलाश शुरू की। लगभग एक घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद अनंत का शव नहर की गहराई में झाड़ियों में फंसा हुआ मिला।
उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

