home page

मप्र में आज विश्व क्षय दिवस पर होगा 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान का शुभारंभ

 | 
मप्र में आज विश्व क्षय दिवस पर होगा 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान का शुभारंभ


सीहोर, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आज मंगलवार को विश्व क्षय दिवस पर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुधीर डेहरिया ने बताया कि इस अभियान के प्रमुख उद्देश्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील जनसंख्या में सक्रिय टीबी की पहचान, शीघ्र निदान, उपचार, पोषण सहायता तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से टीबी को फैलने से रोकना है। अभियान के अंतर्गत जिले में चिन्हित किए गए उच्च जोखिम गांवों में जनसँख्या की स्क्रीनिंग की जाएगी। आयुष्मान आरोग्य शिविरों में संभावित मरीजों की टीबी की पहचान के लिए एक्सरे के साथ एनीमिया के लिए ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बीएमआई की जांच की जाएगी। इसके साथ ही ग्राम वार एवं विकासखंड वार शिविर लगाकर संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी।

अभियान के तहत निक्षय मित्र पहल के माध्यम से पोषण सहायता एवं पोषण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के तहत जन जागरूकता के लिए सामुदायिक सहभागिता की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर