home page

अनूपपुर में 24 घंटे में औसतन एक इंच बारिश, फिर भी पिछले वर्ष से 145 मिमी कम वर्षा; बुआई लक्ष्य से पीछे

 | 
अनूपपुर में 24 घंटे में औसतन एक इंच बारिश, फिर भी पिछले वर्ष से 145 मिमी कम वर्षा; बुआई लक्ष्य से पीछे


अनूपपुर में 24 घंटे में औसतन एक इंच बारिश, फिर भी पिछले वर्ष से 145 मिमी कम वर्षा; बुआई लक्ष्य से पीछे


अनूपपुर, 7 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन 25.3 मिलीमीटर (लगभग एक इंच) वर्षा दर्ज की गई। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर हुई बारिश से किसानों को कुछ राहत मिली है, लेकिन जिले में अब भी सामान्य से कम वर्षा होने के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित बनी हुई है।

भू-अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, जिले में इस मानसून सत्र में अब तक 547.6 मिलीमीटर (21.6 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इसी अवधि में औसत वर्षा 589.4 मिलीमीटर (23.2 इंच) होनी चाहिए थी। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि तक 692.2 मिलीमीटर (27.3 इंच) बारिश दर्ज की गई थी। इस प्रकार जिले में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 145 मिलीमीटर (करीब 5.7 इंच) कम वर्षा हुई है।

कृषि विभाग के उपसंचालक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिले में खरीफ सीजन के लिए 1 लाख 90 हजार 600 हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक लगभग 1 लाख 25 हजार हेक्टेयर में ही फसलों की बुआई हो सकी है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

पिछले 24 घंटे में जिले के विभिन्न वर्षामापी केंद्रों में वेंकटनगर में सर्वाधिक 63.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जैतहरी में 54.0 मिलीमीटर, अनूपपुर में 39.6 मिलीमीटर, बिजुरी में 22.2 मिलीमीटर, कोतमा में 12.0 मिलीमीटर, अमरकंटक में 5.0 मिलीमीटर, बेनीबारी में 4.2 मिलीमीटर तथा पुष्पराजगढ़ में 2.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में बादल छाए हुए हैं और आगामी घंटों में कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना बनी हुई है। किसानों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है तो खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आएगी और खेतों में नमी की स्थिति सुधरेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला