home page

सागर में कृषि विश्वविद्यालय की मांग तेज, सांसद लता वानखेड़े ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा मांग पत्र

 | 
सागर में कृषि विश्वविद्यालय की मांग तेज, सांसद लता वानखेड़े ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा मांग पत्र


सागर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र में कृषि शिक्षा, अनुसंधान तथा आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाई गई है। सागर सांसद डॉ. लता (गुड्डू) वानखेड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर इस संबंध में मांग पत्र सौंपा।

मुलाकात के दौरान सांसद ने सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र की कृषि संबंधी जरूरतों और संभावनाओं पर केंद्रीय मंत्री के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, मिट्टी और कृषि आवश्यकताओं को देखते हुए सागर में एक समर्पित कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना समय की आवश्यकता है।

सांसद ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय स्थापित होने से बुंदेलखंड के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय और रोजगारपरक कृषि शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फसलों, कृषि पद्धतियों और नई तकनीकों पर अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे खेती की लागत कम करने, उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए नई संभावनाएं विकसित होंगी।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से होने वाले संभावित लाभों को भी रखा। उन्होंने बताया कि इससे युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक कृषि शिक्षा मिलेगी। स्थानीय जलवायु और मिट्टी के अनुरूप नई फसलों तथा कृषि तकनीकों पर अनुसंधान किया जा सकेगा। वहीं किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों और तकनीकों की जानकारी सीधे उपलब्ध कराने में भी संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

डॉ. वानखेड़े ने कहा कि सागर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से बुंदेलखंड के कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिल सकती है। विश्वविद्यालय के माध्यम से शिक्षा, अनुसंधान और किसान हित से जुड़े कार्यों को एक साथ आगे बढ़ाया जा सकेगा।

सांसद की मांग पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने इस विषय में त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। सांसद ने उम्मीद जताई कि कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और इसका लाभ सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों तथा किसानों को मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे