सागरः गर्ल्स कॉलेज में अतिरिक्त संचालक का औचक छापा, गृह विज्ञान विभाग में लटका मिला ताला
सागर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे ने बुधवार को शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (गर्ल्स कॉलेज) के नवीन साइंस ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कॉलेज की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई मिलीं, जिस पर अतिरिक्त संचालक ने भारी नाराजगी व्यक्त कर प्राचार्य को मौके पर ही तलब किया।
सागर संभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे ने शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के साइंस ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गृह विज्ञान विभाग में ताला लटका मिला और स्टाफ गायब था। अव्यवस्थाओं को देख अतिरिक्त संचालक ने प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाई और अनुपस्थित स्टाफ को 'कारण बताओ नोटिस' जारी करने के निर्देश दिए।
बुधवार को क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. आर.के. गोस्वामी और डॉ. भावना यादव के साथ अचानक गर्ल्स कॉलेज के नवीन भवन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सबसे शर्मनाक स्थिति गृह विज्ञान विभाग में देखने को मिली, जहाँ विभाग के गेट पर ताला लटका हुआ था। विभाग में पदस्थ शिक्षक और सहायक स्टाफ ड्यूटी से गायब थे, जिसके कारण छात्राओं की स्नातकोत्तर (PG) कक्षाएं और प्रैक्टिकल कार्य पूरी तरह ठप पड़े थे।
अतिरिक्त संचालक ने जब उपस्थिति रजिस्टर की जांच की, तो पाया कि सुबह 11:30 बजे तक अधिकांश शैक्षणिक और अशैक्षणिक स्टाफ ने अपने हस्ताक्षर तक नहीं किए थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कई शिक्षकों ने अवकाश के आवेदन तो दिए थे, लेकिन साइंस ब्लॉक प्रभारी डॉ. अरविन्द बोहरे को इसकी जानकारी ही नहीं थी। इस तालमेल की कमी के कारण कॉलेज में वैकल्पिक शैक्षणिक व्यवस्था भी नहीं की गई थी।
महाविद्यालय में फैली इस अराजकता को देख डॉ. नीरज दुबे ने कॉलेज प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी को मौके पर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिरिक्त संचालक ने निम्नलिखित सख्त निर्देश दिए कि अनुपस्थित प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों और कर्मचारियों को तत्काल 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया जाए।अनुशासनहीनता बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए। महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित हो।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

