home page

विदिशाः सरकारी स्कूल की भूमि से अतिक्रमण हटाया, सीमा चिन्ह स्थापित कर प्रबंधन को सौंपा कब्जा

 | 
विदिशाः सरकारी स्कूल की भूमि से अतिक्रमण हटाया, सीमा चिन्ह स्थापित कर प्रबंधन को सौंपा कब्जा


विदिशा, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार को तहसील पठारी अंतर्गत स्थित शासकीय हाई स्कूल विसराही की शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रशासन द्वारा की गई। इस कार्रवाई के तहत स्कूल परिसर की सीमाओं को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए पुनः स्पष्ट रूप से सीमा चिन्ह स्थापित किए गए तथा भूमि का विधिवत कब्जा स्कूल प्रबंधन को सौंपा गया।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय की भूमि पर कुछ समय से अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई थी, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार एवं व्यवस्थाओं में बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन कराया और अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि की वास्तविक सीमा का निर्धारण कराया तथा स्थायी सीमा चिन्ह स्थापित किए, ताकि भविष्य में पुनः अतिक्रमण की स्थिति न बने। इसके पश्चात संबंधित भूमि को स्कूल प्रबंधन को विधिवत रूप से सौंप दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालय परिसरों की सुरक्षा एवं सीमाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। स्कूल प्रबंधन एवं स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार जताया है। इस पहल से न केवल विद्यालय की भूमि सुरक्षित हुई है, बल्कि भविष्य में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर