राजगढ़ः सुठालिया सिंचाई परियोजना के मुआवजे पर किसानों का शक्ति प्रदर्शन
राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित 65 गांवों के किसानों ने मुआवजे में कथित विसंगतियों के विरोध में शुक्रवार को रघुनाथपुरा में विशाल किसान महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में एक हजार से अधिक किसानों ने हिस्सा लेकर सभी प्रभावित किसानों को समान रूप से चार गुना मुआवजा देने की मांग उठाई।
किसानों का कहना था कि एक ही परियोजना में किसानों को अलग-अलग दर से मुआवजा देना अन्यायपूर्ण है। महापंचायत में किसानों ने आरोप लगाया कि परियोजना से प्रभावित कुछ किसानों को चार गुना मुआवजा दिया गया है, जबकि कई किसानों को केवल दो गुना मुआवजा मिला है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण व्यवस्था बताते हुए सरकार से सभी प्रभावितों के लिए एक समान मुआवजा नीति लागू करने की मांग की।
किसानों के समर्थन में राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, चांचैड़ा की पूर्व विधायक ममता मीना, ब्यावरा के पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बल्लू चैहान तथा भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष राम जगदीश दांगी सहित कई जनप्रतिनिधि और किसान नेता मंच पर मौजूद रहे। सभी ने किसानों की मांग को जायज बताते हुए सरकार से शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया।
महापंचायत के बाद किसानों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार मधुसूदनगढ़ को सौंपा। ज्ञापन में सभी प्रभावित किसानों को समान रूप से चार गुना मुआवजा देने की मांग की गई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो डैम स्थल पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के जिला अध्यक्ष नारायण सिंह चैहान ने किया। अंत में किसानों ने एकजुट होकर समान मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

