home page

राजगढ़ः भारतीय जनता पार्टी मंडल ब्यावरा एवं गिदौरहाट की संयुक्त मंडल बैठक संपन्न

 | 
राजगढ़ः भारतीय जनता पार्टी मंडल ब्यावरा एवं गिदौरहाट की संयुक्त मंडल बैठक संपन्न


राजगढ़, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी मंडल ब्यावरा एवं गिदौरहाट की संयुक्त मंडल बैठक शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।

बैठक की शुरुआत अतिथियों द्वारा महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। मंडल अध्यक्ष राजू यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता बूथ स्तर पर लगातार मेहनत करता है, तभी पार्टी सरकार बनाने में सफल होती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित रहने की अपील की।

मुख्य अतिथि मंत्री नारायणसिंह पंवार ने कहा कि चुनाव के समय सभी कार्यकर्ता सक्रिय रहते हैं, लेकिन बूथ को मजबूत बनाने के लिए सालभर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अनेक कार्यकर्ताओं के त्याग और संघर्ष से खड़ी हुई है। जनसंघ के दौर में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में संगठन को मजबूत किया।

उन्होंने जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं.दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी पार्टी की विचारधारा का आधार हैं। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के संगठन निर्माण में योगदान का भी उल्लेख किया।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष मोहन गुप्ता ने मंडल पदाधिकारियों की उपस्थिति ली।इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलवर यादव,मंडल प्रभारी अमित शर्मा,जगदीश पंवार, रामनारायण दांगी, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, बलवंत सौधिया, हेमलता शर्मा, दीपक समारे, सुमीत सोलंकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक