राजगढ़ः अभिजीत मुहुर्त में जालपा माता मंदिर में घट स्थापना, कलेक्टर-एसपी ने की पूजा
राजगढ़, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन जिले के प्राचीन और आस्था के केन्द्र जालपा माता मंदिर में गुरुवार को अभिजीत मुहुर्त में विधिवत रुप से घट स्थापना की गई। इस अवसर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष कलेक्टर डाॅ. गिरीश कुमार मिश्रा ने पूजा-अर्चना कर जिले की सुख- समृद्वि और खुशहाली के लिए मंगलकामनाएं की। पूजन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी मुख्य यजमान के रुप में मौजूद रहे, उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता कर जिलेवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मंदिर में श्रद्वालुओं की सुबह से भारी भीड़ उमड़ी। दर्शन के लिए दिनभर लंबी कतारें लगी रही और पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। नवरात्रि के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए है। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है, वहीं पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। मंदिर की विशेष पहचान यहां की अनूठी परंपरा है, जहां श्रद्वालु अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए उल्टा स्वास्तिक बनाते है, इच्छा पूर्ति पर वह पुनःआकर सीधा स्वास्तिक बनाते है। प्राचीन मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्वालुओं को लगभग एक किलोमीटर की चढ़ाई करनी पड़ती है, यहां सड़क मार्ग और सीढ़ियां दोनों की सुविधा उपलब्ध है। वर्ष भर यहां श्रद्वालुओं का तांता लगा रहता है। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डाॅ.इच्छित गढ़पाले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

