home page

राजगढ़ःकार्य का भुगतान न होने पर नगरपरिषद अध्यक्ष व लेखापाल को नोटिस

 | 
राजगढ़ःकार्य का भुगतान न होने पर नगरपरिषद अध्यक्ष व लेखापाल को नोटिस


राजगढ़, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्टर डाॅ. गिरीशकुमार मिश्रा ने प्रत्येक शिकायत को व्यक्तिगत रुप से सुना और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।

कार्यक्रम में सचिन मेवाड़े ने बताया कि फलोदी काॅलोनी राजगढ़ में पानी की पाइपलाइन नही है, जिससे रहवासियों को काफी समस्याएं हो रही है। जांच के दौरान सीएमओ राजगढ़ द्वारा बताया गया कि पानी के लिए नई लाइन डाली जा रही है, टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है, शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। शिकायत को लंबित रखने पर सीएमओ राजगढ़ व सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि नगरीय निकायों में अवैध नल कनेक्शन का सर्वे कर सात दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। शिकायतकर्ता जावेद कुरैशी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 2 नगरपालिका खिलचीपुर में उन्हें आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिला। कलेक्टर ने नगरपालिका खिलचीपुर के 40 प्रधानमंत्री आवासों का जांच दल के द्वारा दो सप्ताह में सत्यापन करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मोहन सहरिया द्वारा बताया गया कि उसके पिता मदनलाल नगरपालिका नरसिंहगढ़ में गैंगकुली के पद पर कार्यरत थे,उनकी सेवानिवृति होने के बाद उन्हें पीएफ व एनपीएस का पैसा नगरपालिका द्वारा नही दिया जा रहा है। शिकायत की जांच में नगरपालिका द्वारा पीएफ व एनपीएस का भुगतान कर दिया गया है, जिस पर उसके द्वारा शिकायत संतुष्टि पूर्वक बंद कर दी गई। कार्यक्रम में एबी.सेल्स कार्पोरेशन भोपाल के प्रोपराईटर अजय बैरागी द्वारा बताया गया कि नगरपरिषद सुठालिया में स्काई लिफटा फब्रिकेशन का कार्य 2024 में किया गया था, जिसका भुगतान 10 लाख रुपए आज तक नही किया गया है। शिकायत की जांच उपरांत कलेक्टर डाॅ. मिश्रा ने नगरपरिषद अध्यक्ष सुठालिया व लेखापाल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता निर्मल नागर द्वारा बताया गया कि पीपलहेड़ा में नल जल योजना के तहत डाली गई पाइपलाइन फूट गई है, जिससे मकान के आसपास पानी भर गया है, जिससे काफी समस्याएं हो रही है। कलेक्टर ने पीपलहेड़ा सरपंच व सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक