home page

मप्र के बैतूल में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, धार्मिक ग्रंथ बरामद

 | 
मप्र के बैतूल में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, धार्मिक ग्रंथ बरामद


बैतूल, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल के भैंसदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुघरी में पुलिस ने सोमवार को प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही मौके से धार्मिक ग्रंथ भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि ग्राम गुघरी निवासी गुलाबराव इरपाचे के मकान में प्रार्थना सभा हो रही है, जिसमें ग्रामीणों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मौके दो लोगों- गुलाबराव इरपाचे (निवासी घुघरी) और महादेव पुत्र कोचा पंद्राम (निवासी गदराझिरी) को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी गुणवंत पुत्र परसराम मालेवार निवासी गदराझिरी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, लोगों का आरोप है कि प्रार्थना सभा के दौरान ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा था। इस मामले में मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भैंसदेही थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने बताया कि ग्रामीणों के धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को भैंसदेही न्यायालय में पेश करेंगे। वहीं, एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर