मंदसौर : द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव की धूम, हल्दी की रस्म में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
मंदसौर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के स्थानीय स्नेह नगर स्थित प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला उत्साहपूर्वक शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में मंदिर परिसर में बाबा भोलेनाथ के विवाह की रस्मों के अंतर्गत हल्दी की रस्म श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस मांगलिक अवसर पर बड़ी संख्या में महिला भक्तों ने भाग लेकर भगवान को हल्दी अर्पित की और मंगल गीतों के साथ माहौल को शिवमय बना दिया। नगर की महिला मित्र मंडल की सदस्य इस पूरे आयोजन में विशेष रुचि और उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभा रही हैं।
मीडिया प्रभारी किरण शर्मा ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के अगले चरण में 14 फरवरी को दोपहर 2 बजे से मंदिर परिसर में मेहंदी रस्म का आयोजन किया जाएगा। इस रस्म के लिए सभी महिला श्रद्धालुओं से विशेष रूप से ह्यहरी ड्रेसह्ण पहनकर आने का आग्रह किया गया है। वहीं, इसी दिन रात्रि 8 बजे भव्य महिला संगीत का आयोजन होगा, जिसमें महिलाएं अपनी मनपसंद वेशभूषा में सम्मिलित होकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा का गुणगान करेंगी।
श्री अमलेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनेगा
प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री अमलेश्वर महादेव मंदिर में दिनांक 15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जायेगा। इस हेतु ट्रस्ट द्वारा समस्त तैयारी पूर्ण कर ली गई है। महाशिवरात्रि के दिन मंदिर को विद्युत साज-सज्जा एवं पुष्पों से सजाया जायेगा। भगवान अमलेश्वर महादेव के दर्शन हेतु पुरुष एवं महिलाओं की अलग-अलग कतार लगाने की व्यवस्था की गई है। ट्रस्ट अध्यक्ष गोपाल गुरू एवं सचिव सुरेश शर्मा द्वारा बताया गया कि महाशिवरात्रि पर्व के दिन दोप. 1 बजे महारूद्राभिषेक एवं सायं 7 बजे महाआरती एवं प्रसादी वितरण के पश्चात् रात्रि को मंदिर में भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

