home page

भोपाल : संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता जरूरी : बिप्लब देब

 | 
भोपाल : संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता जरूरी : बिप्लब देब


भोपाल, 1 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय बढ़ाने तथा सेवा संकल्प अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा हुई।

बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी सांसद बिप्लब कुमार देब, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संबोधित किया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की सक्रियता का असर अब बूथ स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बूथ स्तर की सहभागिता में पिछले कुछ महीनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत भी प्रदेश में कार्यकर्ता सक्रियता से काम कर रहे हैं और आगामी कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर पर नियमित बैठक, प्रवास और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की व्यवस्था की गई है। प्रदेश पदाधिकारी जिलों में पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं। मंडल अध्यक्षों को शक्ति केंद्रों और बूथ टोली के साथ नियमित बैठक करने तथा शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ टोली के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

खण्डेलवाल ने कहा कि जिला प्रभारियों को जिला कोर कमेटी के साथ नियमित बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। इन बैठकों में सामने आने वाले विषयों, सुझावों और संगठनात्मक जरूरतों को संभाग स्तर तक पहुंचाकर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित बैठक, प्रवास, प्रशिक्षण और बूथ स्तर तक संपर्क के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

दायित्व बदलना संगठन की सामान्य प्रक्रिया : बिप्लब देब

राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि संगठन में किसी कार्यकर्ता को दायित्व मिलना या दायित्व से हटना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखें और संगठनात्मक कारणों से किसी कार्यकर्ता में असंतोष की स्थिति नहीं बनने दें।

उन्होंने कहा कि मंडल, जिला, संभाग, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख तक संगठन में दायित्वों की स्पष्ट व्यवस्था है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पद स्थायी नहीं होता, लेकिन कार्यकाल के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच बनाया गया विश्वास लंबे समय तक बना रहता है। उन्होंने भाजपा को संगठन आधारित दल बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में पार्टी का संगठन मजबूत, सक्रिय और व्यापक है।

देब ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सेवा का माध्यम है। संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल का लाभ प्रदेश की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में संवाद, अनुशासन और सामूहिक निर्णय की परंपरा है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन तथा कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा।

उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से आदिवासी क्षेत्रों के विकास और वहां की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों द्वारा किए गए कार्यों का हिसाब देने की बात भी कही।

पंचायत से लोकसभा तक चुनाव की तैयारी पर जोर : रेखा वर्मा

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में पार्टी का संगठन मजबूत और सक्रिय है। बैठक में मिले मार्गदर्शन को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम जारी रहेगा। पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक संगठन पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ काम करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकताओं और निर्देशों को प्रदेश से बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जरूरी है।

जनविश्वास और सेवा पर ध्यान देने की बात

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा का संगठन वर्षों के संघर्ष, त्याग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत हुआ है। संगठन की इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए जनसेवा को आधार बनाकर जनता के विश्वास को बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति को देश में एक आदर्श के रूप में देखा जाता है। कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं, इसलिए सभी को साथ लेकर और आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करने को कहा।

चंद्रशेखर ने कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर खादी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा