home page

भोपाल में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी, कई क्षेत्रों से ठेले-काउंटर और अवैध कब्जे हटाए

 | 
भोपाल में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी, कई क्षेत्रों से ठेले-काउंटर और अवैध कब्जे हटाए


भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के विरुद्ध सोमवार को व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण रुकवाने के साथ ही ठेले, काउंटर, स्टैंड बोर्ड सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान के तहत कटारा हिल्स, कोलार, प्रियंका नगर, आम्रविहार फेस-3, फाइन एवेन्यू फेस-1, गुड शेफर्ड कॉलोनी, दानिश कुंज, डी-मार्ट क्षेत्र, ललिता नगर, सर्वधर्म, मंदाकिनी चौराहा, नेहरू नगर, पीएंडटी चौराहा, कोटरा सुल्तानाबाद, भदभदा चौराहा, सूरज नगर, गौरेगांव, लिंक रोड क्रमांक-1, 2 और 3, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, एमपी नगर, जहांगीराबाद, कमला पार्क, रेतघाट, रविंद्र भवन, अयोध्या बायपास, भानपुर, सिंधी कॉलोनी, भोपाल गेट, गोलघर, हमीदिया गेट, स्टेट बैंक चौराहा, ईदगाह हिल्स, सेमरा एकतापुरी, अशोका गार्डन और पुष्पा नगर सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कटारा हिल्स में एक मकान का अवैध निर्माण कार्य रुकवाया गया। वहीं भानपुर खेजड़ा गांव में बांस-बल्ली लगाकर बंद किए गए रास्ते को खुलवाया गया। प्रियंका नगर में मकान के बाहर लगी अवैध किचन गार्डन की जाली हटाई गई, जबकि आम्रविहार फेस-3 और गुड शेफर्ड कॉलोनी से सड़क पर रखा निर्माण सामग्री हटवाया गया।

सेमरा एकतापुरी में चार मकानों के सामने नालियों पर रखी गई अवैध फर्शियां हटाई गईं। नेहरू नगर से पीएंडटी चौराहे तक अभियान चलाकर यातायात में बाधा बन रहे 25 चारपहिया और 50 दोपहिया वाहनों को हटवाया गया। इसी तरह मैदामिल जीवन मोटर्स क्षेत्र से 50 तथा अशोका गार्डन भारती निकेतन क्षेत्र से 10 चारपहिया वाहन हटाए गए।

नगर निगम के अमले ने विभिन्न स्थानों पर फुटपाथों पर लगी कपड़े, फल और सब्जी की दुकानों, दुकानों के बाहर रखे सामान, ठेलों, गुमटियों, पान पार्लरों, काउंटर, बोर्ड, टेबल, कुर्सियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को भी हटाया। कार्रवाई के दौरान आठ ठेले, एक लोहे का बड़ा काउंटर और तीन स्टैंड बोर्ड जब्त किए गए।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा