home page

झाबुआ: हर घर तिरंगा अभियान के तहत राणापुर में निकली पारंपरिक बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा

 | 
झाबुआ: हर घर तिरंगा अभियान के तहत राणापुर में निकली पारंपरिक बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा


झाबुआ, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के राणापुर में शुक्रवार को जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के अनुरूप सजी हुई बैलगाड़ियों, मांदल की थाप और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति करती आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण तिरंगा रैली निकाली गई।

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत राणापुर के तत्वावधान में जनजातीय परंपराओं को रैखांकित करती इस तिरंगा बैलगाड़ी यात्रा में जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सम्मिलित हुए। बैलगाड़ी में सवार होकर कलेक्टर ने देश प्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान को एक नया आयाम दिया।

बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा का शुभारंभ वंदेमातरम गायन के साथ जनपद पंचायत कार्यालय से हुआ और झाबुआ नाका, पुलिस थाना एवं बस स्टैंड होते हुए रैली नगर परिषद पहुंची, जहां राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ यात्रा का समापन हुआ।

झाबुआ जिले के सांस्कृतिक परिदृश्य को प्रतिबिंबित करती इस अनूठी तिरंगा यात्रा में एक तरफ जहां पारंपरिक बैलगाड़ियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही, वहीं दूसरी तरफ मांदल की थाप पर पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते कलाकारों एवं नागरिकों ने जनजातीय संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी।राष्ट्रप्रेम के साथ स्थानीय संस्कृति का यह संगम नगरवासियों को आकर्षित करता रहा।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ.योगेश तुकाराम भरसट ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों एवं नागरिकों के साथ ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों का गायन कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। राष्ट्रगीत के गायन के पश्चात कलेक्टर डॉ.योगेश तुकाराम भरसट ने उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राणापुर में जब भी इस प्रकार के आयोजन होते हैं,यहां के विद्यार्थी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और नागरिक भी पूरे उत्साह के साथ सम्मिलित होते हैं।उन्होंने आयोजन में सहभागी सभी विद्यार्थियों, नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज हम आजादी का जश्न मना रहे हैं और हर घर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपना सम्मान प्रकट कर रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का विशेष अवसर है। वंदे मातरम् को हमें अपने हृदय में स्थान देते हुए इसके राष्ट्रप्रेम के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है।

जिला कलेक्टर डॉ भरसट ने कहा कि राणापुर में आज एक अलग और विशेष स्वरूप में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें जिले की जनजातीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक भी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारी जनजातीय संस्कृति में किसान का विशेष महत्व है। किसान अन्नदाता के रूप में सभी का पेट भरता है और आज उसी किसान एवं ग्रामीण संस्कृति से जुड़ी बैलगाड़ी के माध्यम से तिरंगा यात्रा की शुरुआत होना अपने आप में एक बड़ा संदेश है। ग्रामीण अंचल के नागरिक बैलगाड़ियों में सवार होकर हाथों में तिरंगा लिए हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। यह राष्ट्रप्रेम के साथ हमारी संस्कृति और परंपराओं के सम्मान का भी सुंदर उदाहरण है।

बैलगाड़ी तिरंगा रैली में,जिला पंचायत सदस्य बहादुर हटीला,विजय भाबर,जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भानु भूरिया,नगर पंचायत अध्यक्ष सुश्री दीपमाला नलवाया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा