झाबुआ: पात्र हितग्राहियों को विधिसम्मत अधिकार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता - कलेक्टर
झाबुआ, 05 मई (हि.स.)। वन संसाधनों का संरक्षण, वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा पात्र हितग्राहियों को विधिसम्मत अधिकार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, और जिला टास्क फोर्स समिति के माध्यम से इन सभी विषयों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
यह बात मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले में वन क्षेत्रों में अतिक्रमण, वन संरक्षण, वनाधिकार अधिनियम के प्रकरणों, वन-राजस्व सीमा विवादों एवं अवैध वनोपज परिवहन से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा हेतु मंगलवार को आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलेक्टर डॉ योगेश तुकाराम भरसट ने कही।
जिला कलेक्टर डॉ. भरसट ने वन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु प्रशासन, वन एवं पुलिस विभाग का संयुक्त दल गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अनुविभाग स्तर पर वन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं के संदर्भ में कलेक्टर ने कहा कि वन संसाधनों का संरक्षण, वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा पात्र हितग्राहियों को विधिसम्मत अधिकार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला टास्क फोर्स समिति के माध्यम से इन सभी विषयों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में खैर वनोपज के अवैध परिवहन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें जानकारी दी गई कि पेटलावद वन परिक्षेत्र में 8 तथा झाबुआ वन परिक्षेत्र में 1 प्रकरण में कार्यवाही की गई है। कलेक्टर ने अवैध परिवहन एवं वन अपराधों पर सतत निगरानी रखने तथा दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वन मंडलाधिकारी द्वारा जिले के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही, वन व्यवस्थापन कार्यों, वन-राजस्व सीमा विवाद, वन क्षेत्र में दर्ज अन्य अपराधों, वनखण्डों से संबंधित प्रकरणों तथा वनोपज के अवैध परिवहन की स्थिति से अवगत कराया गया। आयोजित बैठक में अपर अपर कलेक्टर सी एस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मण्डलोई, वन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

