home page

आगरमालवाः करोड़ो की गौचर भूमि से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

 | 
आगरमालवाः करोड़ो की गौचर भूमि से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण


आगरमालवा, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित सरकारी गोचर भूमि पर से कथित अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, नगर पालिका सीएमओ, थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग एवं नगर पालिका के लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को मौके पर कार्रवाई शुरू की तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया वही राजस्व विभाग एवं नगर पालिका का अमला भी पूरी मुस्तैदी से लगा रहा। अतिक्रमण हटाने के दौरान लगभग 100 से अधिक झौपड़िया, कच्चे मकान तथा गुमटियों को बुलडोजर के माध्यम से हटाने की कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि एक दिन पहले शनिवार को सर्व हिंदू समाज ने सरकारी गोचर भूमि पर लंबे समय से हो रहे कथित अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए उज्जैन-झालावाड राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान प्रशासन को दिये गये ज्ञापन में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग करते हुए उल्लेख किया गया था कि बस स्टैंड के समीप उज्जैन रोड़ हाईवे से लगी सरकारी गोचर एवं चरागाह भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे और निर्माण किए जा रहे हैं। ज्ञापन में संबंधित सर्वे नंबरों का उल्लेख करते हुए करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का दावा किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा