home page

अनूपपुर: डीटीएबी के फैसले के खिलाफ फार्मासिस्टों ने जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन

 | 
अनूपपुर: डीटीएबी के फैसले के खिलाफ फार्मासिस्टों ने जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन


अनूपपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार को डीटीएबी (ड्रग टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड) के हालिया निर्णय के विरोध में एम.पी. फार्मासिस्ट एसोसिएशन, अनूपपुर द्वारा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के नाम अनूपपुर के अनुविभागीय दंडाधिकारी कमलेश पुरी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाण्डेय ने बताया कि फार्मासिस्टों ने होलसेल दवा व्यापार में पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनिवार्यता समाप्त करने संबंधी अनुशंसा यह निर्णय न केवल फार्मेसी पेशे के साथ अन्याय है, बल्कि इससे आम जनता के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। दवा वितरण एक अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है, जिसमें प्रशिक्षित एवं पंजीकृत फार्मासिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यदि इस अनिवार्यता को समाप्त किया जाता है, तो दवाओं के दुरुपयोग, गलत वितरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े जोखिम बढ़ सकते हैं।

फार्मासिस्टों की प्रमुख मांगो में डीटीएबी की उक्त अनुशंसा को तत्काल निरस्त किया जाए। होलसेल दवा व्यापार में पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनिवार्यता को सख्ती से लागू किया जाए। दवा वितरण प्रणाली में गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। फार्मासिस्टों ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए सभी साथियों एवं आम नागरिकों से समर्थन की अपील की हैं कि यह केवल फार्मासिस्टों का नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्वास्थ्य और सुरक्षा का प्रश्न है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला