home page

अनूपपुर: गांजा जब्ती में संदेह कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय लाइन अटैच किया, प्रवीण साहू को मिली जिम्मेदारी

 | 
अनूपपुर: गांजा जब्ती में संदेह कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय लाइन अटैच किया, प्रवीण साहू को मिली जिम्मेदारी


अनूपपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में गांजा जब्ती मामले की जांच के बीच पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने मंगलवार को कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय को लाइन अटैच करते हुए वेंकटनगर चौकी प्रभारी प्रवीण साहू को कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार शुरुआती जांच रिपोर्ट में कई बातें स्पष्ट नहीं हुई हैं। जांच अभी जारी है। ज्ञात हो कि रविवार को राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत पुलिस ने 5.280 किलो गांजा, 3 लाख 45 हजार 700 रुपए नकद और करीब 10 लाख रुपए की कार जब्त की थी। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

एएसपी और एसडीओपी कर रहे जांच

पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने बताया कि मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम और अनूपपुर एसडीओपी सुजीत कुमार को निर्देश दिए गए थे। शुरुआती जांच रिपोर्ट में पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जांच प्रभावित न हो, इसलिए पुलिस विभाग के नियमों के तहत उमेश उपाध्याय को तत्काल उनके कार्यक्षेत्र से हटाकर लाइन अटैच किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन में मामले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

प्रेस नोट में आरोपियों के नाम नहीं बताए गए

कोतवाली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में गिरफ्तार लोगों के नाम, कार्रवाई की जगह और गाड़ी के मालिक का नाम नहीं बताया गया था।

इसमें एक आरोपी की उम्र 43 साल और पता वार्ड नंबर 14, कड्डीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल दिया गया था। दूसरे आरोपी की उम्र 24 साल और पता वार्ड नंबर 14, मुरलियाबाग रोड, थाना बुढार, जिला शहडोल बताया गया था।

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत 52 हजार 800 रुपए है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले दूसरे जिलों और थानों में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला