home page

केशव नमन कार्यक्रम: शत कंठ गायन में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर

 | 
केशव नमन कार्यक्रम: शत कंठ गायन में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर


हुब्बली, 21 मार्च (हि.स.)। लोकहित ट्रस्ट तथा सहयोग संस्कार भारती के तत्वावधान में कर्नाटक के हुब्बली शहर में “केशव नमन” कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

शहर के सवाई गंधर्व हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में “शत कंठ गायन” मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें करीब सौ से अधिक गायकों ने राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस सामूहिक गायन ने उपस्थित श्रोताओं में उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर प्रांत प्रचारक नरेंद्र ने संबोधित करते हुए डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और उनके योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि मात्र 11 वर्ष की आयु में माता-पिता को खो देने के बावजूद डॉ. हेडगेवार देशभक्ति के मार्ग से विचलित नहीं हुए। छात्र जीवन में ही उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और बाद में क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय रहे। कांग्रेस में भी उन्होंने कई जिम्मेदारियां निभाईं और देश की गुलामी के कारणों पर गंभीर चिंतन किया।

उन्होंने कहा, “देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि आचरण होना चाहिए। हर व्यक्ति के भीतर अडिग देशभक्ति का भाव होना आवश्यक है।”

उन्होंने बताया कि हिंदू संगठन का कार्य शुरू करते समय प्रारंभ में उपहास का सामना करना पड़ा, लेकिन दृढ़ संकल्प और परिश्रम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज विश्व के सबसे बड़े संगठनों में से एक बन चुका है।

वर्तमान में संघ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है और सज्जनों को संगठित कर राष्ट्र निर्माण करना ही उसका उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से देश के लिए अधिक समय देकर सेवा कार्यों में भाग लेने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा