home page

अकाल बारिश से बागवानी काे नुकसान, कर्ज लेकर फसल लगाने वाले किसान का केला बागान तबाह

 | 
अकाल बारिश से बागवानी काे नुकसान, कर्ज लेकर फसल लगाने वाले किसान का केला बागान तबाह


गदग, 19 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक के गदग जिले में मंगलवार रात हुई बेमौसम भारी बारिश और तेज आंधी ने बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस प्राकृतिक आपदा ने कई किसानाें की बागवानी काे पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। पीड़ित परिवाराें ने सरकार से मुआवजा की मांग

की है।

जानकारी के अनुसार गदग तालुक के बिंकदकट्टी गांव में एक किसान दंपति वेंकटेश होसमनी और उनकी पत्नी मंजुला ने कर्ज लेकर और घर का सोना गिरवी रखकर चार एकड़ जमीन पर बागवानी फसलें उगाई थीं। इनमें दो एकड़ में केला और दो एकड़ में पपीता की खेती की गई थी। किसान

ने बताया कि उसकी केला और पपीता बागान पूरी तरह नष्ट हो गया।

उसने बताया कि पहली बार प्रयोग के तौर पर इलायची किस्म का केला लगाया था। जैविक खेती पद्धति अपनाते हुए उन्होंने पूरे बागान पर लगभग 7 से 8 लाख रुपये खर्च किए थे। अच्छी तरह विकसित हो चुका केला बागान करीब चार महीने बाद कटाई के लिए तैयार होने वाला था, लेकिन अचानक आई बारिश और तेज हवा के कारण दो एकड़ में लगे केले के पेड़ गिरकर पूरी तरह बर्बाद हो गए। पपीता की फसल भी आंधी की चपेट में आकर नष्ट हो गई।

किसान वेंकटेश होसमनी ने कहा कि इस साल पहली बार केला की खेती की थी और अच्छे उत्पादन की उम्मीद थी, लेकिन बारिश और आंधी ने सब कुछ खत्म कर दिया। सरकार से उचित मुआवजा मिलना चाहिए। इस भारी नुकसान से वे गहरे संकट में आ गए हैं। किसान महिला मंजुला ने बताया कि हमने मंगलसूत्र सहित घर का सोना गिरवी रखकर खेती की थी, लेकिन अब फसल नष्ट हो गई है और हम मुश्किल में हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर बागवानी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसानों को आवेदन देने की सलाह दी है और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सौंपने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा