चित्रदुर्ग जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौत, दाे गंभीर
चित्रदुर्ग, 15 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के छल्लाकेरे तालुक के हेग्गेरे गांव के पास रविवार सुबह तेजरफ्तार से एक कार आगे जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि दाे की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार बेंगलुरु के पुलिसकर्मी आरएसआई मंजुनाथ, आरएसआई अमरेश, आरएसआई सचिन, आरएसआई महंतेश और पीएसआई ईश्वर एक कार से बेंगलुरु से अपने मित्र की शादी में शामिल हाेने के लिए बल्लारी जा रहे थेे। छल्लाकेरे तालुक के हेग्गेरे गांव के पास उनकी कार
एक ट्रक में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान बेंगलुरु के पुलिसकर्मी आरएसआई मंजुनाथ (32), आरएसआई अमरेश और आरएसआई सचिन के रूप में हुई है। तीनों रिजर्व पुलिस अधिकारी बताए गए हैं। इस हादसे में आरएसआई महंतेश और पीएसआई ईश्वर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को चित्रदुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद छल्लाकेरे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

