कर्नाटक के सांसदों की सोमवार को दिल्ली में बैठक, सूखा राहत पर होगी चर्चा : डीके शिवकुमार
बेंगलुरु, 26 जुलाई (हि.स.)। कर्नाटक में उत्पन्न सूखे की स्थिति और विभिन्न लंबित परियोजनाओं के संबंध में केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए सोमवार को नई दिल्ली में राज्य के सभी सांसदों की बैठक बुलाई गई है। यह जानकारी मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दी।
बेंगलुरु स्थित नेहरू तारामंडल के राष्ट्रीय सैनिक स्मारक के निकट पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सूखे की स्थिति से निपटने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कठिन समय में केंद्र सरकार राज्य को आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। बैठक में सूखा राहत, लंबित विकास परियोजनाओं तथा राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर केंद्र सरकार के समक्ष राज्य का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कर्नाटक विधानसभा का मानसून सत्र 13 अगस्त से आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

