कर्नाटक के दावणगेरे में रमज़ान नमाज़ के दौरान मधुमक्खियों का हमला, पांच लोग गंभीर घायल
दावणगेरे, 21 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक के दावणगेरे ज़िले के अनगोडु गांव के पास रमज़ान के अवसर पर नमाज़ अदा करते समय मधुमक्खियों के हमले में कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के किनारे स्थित ईदगाह मैदान में लगभग 800 से अधिक लोग नमाज़ अदा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर फेंके जाने से मधुमक्खियां भड़क उठीं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग डंक के शिकार हुए। इस घटना में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर घायलों को दावणगेरे जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने सूखी घास में आग लगाकर धुआं किया, जिससे मधुमक्खियों को भगाया जा सका। कुल मिलाकर 80 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि अन्य घायलों का इलाज इमरजेंसी और सामान्य वार्ड में जारी है।
घटना के बाद मायकोंडा के विधायक बसवंतप्पा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना तथा उपचार के लिए आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

