कर्नाटक में आज से जनगणना प्रक्रिया शुरू, दो चरणों में होगी गणना
बेंगलुरु, 01 अप्रैल (हि.स.)। कर्नाटक राज्य में बुधवार से जनगणना प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। इस बार जनगणना दो चरणों में हाेगी। इसके साथ ही सरकार ने नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया है।
जानकरी के अनुसार पहले चरण में घरों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। आज से ही स्व-गणना की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। स्व-गणना के तहत नागरिक स्वयं अपने घर और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। परिवार का कोई भी एक सदस्य आधिकारिक वेब पोर्टल पर जाकर आवश्यक विवरण भर सकता है। पंजीकरण पूरा होने के बाद स्व-गणना आईडी मोबाइल या ईमेल के माध्यम से प्राप्त होगी।
बताया गया कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद गणनाकार घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। दूसरे चरण में 16 अप्रैल से 15 मई के बीच गणनाकार घरों का दौरा कर स्व-गणना के तहत दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।
स्व-गणना की प्रक्रिया
आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए अपना विवरण भरा जा सकता है। पहले राज्य, जिला और स्थानीय विवरण दर्ज करें। डिजिटल मैप पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें और परिवार से संबंधित जानकारी भरें। प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखें और गणनाकार के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं। इस बार डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना कराई जा रही है, जिससे नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है, ऐसा अधिकारियों ने बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

