महिला से स्कूटी की ठगी, जांच में जुटी पुलिस
रामगढ़, 29 मई (हि.स.)। रामगढ़ शहर में स्कूटी ठगी का मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब सौदागर मुहल्ला निवासी राजू खान पर एक महिला की स्कूटी धोखे से ले जाने का आरोप लगा।
कुजू क्षेत्र के भरेचनगर सांडी, टूटी झरना निवासी गुड़िया देवी ने रामगढ़ पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सौदागर मुहल्ला निवासी राजू खान ने उनकी स्कूटी (नंबर जेएच 24 के 8958) को 22 जून को धोखे से अपने कब्जे में ले लिया था।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद से आरोपित लगातार बहानेबाजी कर रहा है और स्कूटी वापस नहीं कर रहा है। साथ ही वह उन्हें परेशान भी कर रहा है।
गुड़िया देवी ने यह भी आशंका जताई है कि उनकी स्कूटी का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जा सकता है, जिससे उन्हें सुरक्षा को लेकर चिंता है।
पीड़िता ने इस संबंध में रामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

