home page

विहिप ने दिखाई हनुमान अंश, फिल्म देख भावुक हुए लोग

 | 
विहिप ने दिखाई हनुमान अंश, फिल्म देख भावुक हुए लोग


नीम करौली बाबा की जीवनगाथा ने छुआ दिल

रामगढ़, 21 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद रामगढ़ जिला के तत्वावधान में सोमवार को राजीव पिक्चर पैलेस में नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग कराई गई। सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने फिल्म देखी। स्क्रीनिंग से पहले सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

फिल्म में एक बालक की ईश्वर की खोज से लेकर साधना, वैराग्य, हनुमान भक्ति और मानव सेवा की यात्रा को दिखाया गया है। फिल्म में नीम करौली बाबा से जुड़े चर्चित रेल यात्रा के प्रसंग, साधना और सेवा के भाव को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद रामगढ़ जिला अध्यक्ष संतु भाई मानिक ने कहा फिल्म ने बाबा के जीवन के माध्यम से भक्ति, सेवा और समर्पण का संदेश प्रभावी ढंग से सामने रखा है। खासकर युवाओं और बच्चों के लिए यह प्रेरणादायी है। विश्व हिन्दू परिषद रामगढ़ जिला मंत्री छोटू वर्मा ने कहा हनुमान अंश देखकर यह संदेश मिलता है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि मानव सेवा और जरूरतमंदों की मदद में भी है। बाबा का जीवन सनातन संस्कारों और सेवा की प्रेरणा देता है। फिल्म के भावपूर्ण प्रसंगों के दौरान कई दर्शक भावुक नजर आए।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद रामगढ़ जिला उपाध्यक्ष रमा शर्मा, जिला सह मंत्री भागीरथ पोद्दार, बजरंग दल जिला संयोजक महेन्द्र ठाकुर, सह संयोजक नंदकिशोर राम, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव, मातृशक्ति प्रमुख अर्चना महतो, पूर्व जिला संयोजक विनय शर्मा, जगत नारायण शाह, विजय महतो, प्रितम रजक, डब्ल्यू साहू, गंगाजली कुमारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश